मुज़फ्फरनगर। पुलिस लाइन में दो थानों की सराहनीय कार्रवाई पर प्रेस वार्ता करने के बाद एसएसपी संजय वर्मा ने बुधवार को महिला थाना और थाना सिविल लाइन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना सिविल लाइन में जीडी रजिस्टर का बारीकी से अवलोकन किया, जिसमें कई स्थानों पर त्रुटियां पाई गईं। इस पर उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने वायरलेस सेट के माध्यम से सभी चौकियों को संदेश भेजा, लेकिन कच्ची सड़क पुलिस चौकी और कचहरी पुलिस चौकी से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने स्वयं वायरलेस के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों चौकी प्रभारियों ने जवाब नहीं दिया। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी संजय वर्मा ने दोनों चौकी प्रभारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
महिला थाने के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं और आपसी विवादों को सुलह व मेडिएशन के ज़रिए सुलझाने की सलाह दी। उन्होंने महिला थाना प्रभारी संगीता चौधरी को मामलों के त्वरित निस्तारण और संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए।
एसएसपी संजय वर्मा ने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post