मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस ने जिले के रतनपुरी थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं पर हमला करने की कोशिश करने वाले गुरुग्राम के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान तरुण पुत्र सुनील और पुष्पेंद्र पुत्र मामचंद, निवासी गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई है। इन दोनों को थाना रतनपुरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से काली स्कॉर्पियो गाड़ी, जिसमें काले शीशे लगे थे, दो अवैध तमंचे (315 बोर), दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, और एक गाड़ी की फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है।
घटना उस वक्त हुई जब सठेड़ी नहर पुल मार्ग, जो कि कांवड़ियों के लिए आरक्षित किया गया था, वहां ये स्कॉर्पियो बेहद तेज गति (लगभग 150 किमी/घंटा) से पहुंची। गाड़ी ने न केवल पुलिस बैरिकेड तोड़ डाला, बल्कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं को रौंदने का प्रयास भी किया।
पुलिस ने तुरंत मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना रतनपुरी में अटेम्प्ट टू मर्डर सहित BNS की धाराओं 109(1), 262, और आयुध अधिनियम 3/5/25/28 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी अपराधी प्रवृत्ति के हैं और पहले भी गुड़गांव में एसीपी पर गाड़ी चढ़ाने, स्टंटबाजी, व अन्य मामलों में नामजद रह चुके हैं। पुलिस अब उनके अपराधिक इतिहास की गहन जांच कर रही है।
मुजफ्फरनगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी समय रहते बड़ी दुर्घटना को टालने में सहायक रही। आगे की कार्रवाई जारी है।










Discussion about this post