मुजफ्फरनगर। जिले के बघरा ब्लॉक में तैनात पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधी श्रीवास्तव का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह बजरंग दल को लेकर विवादित बयान देती सुनाई दे रही हैं। वायरल ऑडियो में डॉ. सुधी श्रीवास्तव एक बजरंग दल कार्यकर्ता से बातचीत के दौरान कहती हैं, “मुझे मुसलमान आतंकवादी से उतना डर नहीं लगता, जितना बजरंग दल और हिंदू संगठनों से लगता है।”
बताया जा रहा है कि यह ऑडियो उस समय का है, जब बजरंग दल के एक कार्यकर्ता ने अमीन नगर गांव में गोवंश के उठाव को लेकर डॉक्टर सुधी श्रीवास्तव को फोन किया था। बातचीत के दौरान जैसे ही कार्यकर्ता ने अपना परिचय बजरंग दल से जुड़े होने के रूप में दिया, तो पशु चिकित्सा अधिकारी ने यह विवादित टिप्पणी कर दी।
ऑडियो वायरल होने के बाद पशुपालन विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीतेंद्र गुप्ता ने संज्ञान लेते हुए डॉ. सुधी श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें इस प्रकरण पर लिखित में अपना पक्ष रखने को कहा गया है।
मुख्य अधिकारी डॉ. गुप्ता ने कहा कि “एक सरकारी अधिकारी को अपनी भाषा और व्यवहार में संयम रखना चाहिए। किसी भी संगठन या व्यक्ति के बारे में इस तरह की असंवेदनशील टिप्पणी उचित नहीं है। मामले की जांच की जा रही है, और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और डॉ. सुधी श्रीवास्तव का पक्ष मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वायरल ऑडियो से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।











Discussion about this post