मेरठ। घरेलू क्लेश के चलते पूजा (23) पत्नी हिमांशु ने मंगलवार सुबह परतापुर रेलवे स्टेशन के पास हरिद्वार से दिल्ली जा रही उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ब्रजविहार कालोनी निवासी बिंदरदीन ने बेटी पूजा की शादी डेढ़ साल पहले अछरोंडा गांव के रहने वाले हिमांशु के साथ की थी। हिमांशु का साठ फुटा रोड पर किराना स्टोर है। कई महीने से उसके परिवार में विवाद चल रहा था। पूजा मोहीउद्दीनपुर स्थित सविता देवी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी।
मंगलवार को कॉलेज में परीक्षा थी। पति हिमांशु उसे कॉलेज छोड़कर आया था, इसके बाद तबीयत खराब होने की बात कहकर पूजा कॉलेज से निकल गई और परतापुर स्टेशन पर पहुंची। परतापुर स्टेशन की बेंच पर बैठकर पूजा ट्रेन के आने का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान हरिद्वार से दिल्ली जा रही उत्कल एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची तो पूजा ने उसके आगे छलांग लगा दी। पूजा का सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि पास की बेंच पर बैठे कुछ लोगों ने पूजा को ट्रेन के आगे कूदता देखा तो उसे रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। स्टेशन इंचार्ज वाईके झा मौके पर पहुंचे और जीआरपी को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने महिला के पर्स से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की और परिजनों को सूचना दी। इंस्पेक्टर जीआरपी विनोद कुमार ने बताया कि मामला आत्महत्या का है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।











Discussion about this post