मेरठ। थाना किठौर क्षेत्र के राधना गांव में बनी नई पुलिस चौकी का शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. विपिन ताडा ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सज्जन कुमार के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और पुलिस बल के सदस्य भी उपस्थित रहे।
इस नवनिर्मित पुलिस चौकी की स्थापना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की गई है। राधना क्षेत्र को अतीत में आपराधिक गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस क्षेत्र में 27 हिस्ट्रीशीटर अपराधी, तीन पंजीकृत गैंग (17 सदस्य) और पिछले पांच वर्षों में दो अवैध शस्त्र फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ हुआ है। वर्ष 2020 से अब तक यहां कुल 104 आपराधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
एसएसपी डॉ. ताडा ने कहा कि राधना पुलिस चौकी पर 24×7 पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित की गई है, जिससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी। इसके अलावा, चौकी की स्थापना से रात्रिकालीन गश्त, वाहनों की चेकिंग, ट्रैफिक प्रबंधन और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सशक्त बनाने में भी सहायता मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों ने चौकी के उद्घाटन का स्वागत किया और इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस पहल से न सिर्फ आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत होगा, बल्कि यह चौकी अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था और संवेदनशील मार्गों पर प्रभावी पुलिस प्रबंधन की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो सकती है।










Discussion about this post