लावड़। मेरठ के लावड़ कस्बे के मोहल्ला एजेंसी वाली गली में बुधवार को जमीन के विवाद को लेकर बड़े भाई सुनील और छोटे भाई सुशील के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। सुनील ने लावड़ थाने में तहरीर दी। पुलिस घर पहुंची और आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी। आरोपी की मां और पत्नी ने दरोगा से मारपीट कर दी। सूचना मिलने पर इंचौली थाने से पुलिस बल पहुंचा और सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
कस्बा निवासी सतपाल के तीन बेटे सुनील, अनिल व सुशील हैं। तीनों ही शादीशुदा हैं और अपना-अपना कार्य करते हैं। बुधवार को जमीन के विवाद में सुनील व सुशील में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। परिजनों ने दोनों में बीचबचाव कराने का प्रयास किया, जिस पर सुशील ने अपनी मां जगरोशनी से भी मारपीट का प्रयास किया। सुनील किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और लावड़ चौकी पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
शिकायत मिलने पर दरोगा अमित कुमार व दरोगा सुमित गुप्ता के साथ सुनील के साथ घर पहुंचे तो उस दौरान भी सुशील अपनी मां से हाथापाई कर रहा था। पुलिस ने बीचबचाव किया और सुशील को हिरासत में ले लिया। पुलिस सुशील को अपने साथ ले जाने लगी तो मां जगरोशनी व सुशील की पत्नी कविता ने पुलिस के साथ हाथापाई की। महिला का मुक्का दरोगा अमित की आंख पर लगा। इससे वह घायल हो गए। दरोगा ने मामले की जानकारी इंचौली थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी नितिन पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों को पकड़कर उनकी धुनाई की। पुलिस ने झगड़े के दौरान वहां खड़े पड़ोसियों को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई की तैयारी करने में जुट गई है।
एसपी देहात डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।











Discussion about this post