मुजफ्फरनगर। रामराज क्षेत्र के गंगा खादर में रेत खनन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां रेत निकाल रहे मजदूर पर मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया और उसे जबड़े में दबोचकर गहरे पानी में खींच ले गया। मजदूर के साथी शोर मचाते रहे, लेकिन मगरमच्छ की ताकत के आगे सभी बेबस नजर आए। घटना के बाद से लापता मजदूर का कोई पता नहीं चल पाया है।
यह हादसा मजलिसपुर तौफीर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी चंद्रबोस अपने साथियों के साथ भैंसा-बुग्गी लेकर गंगा खादर में रेत निकालने गए थे। जैसे ही वे नदी में रेत भर रहे थे, तभी अचानक एक विशालकाय मगरमच्छ पानी से बाहर आया और चंद्रबोस पर हमला बोल दिया। इससे पहले कि कोई साथी कुछ समझ पाता, मगरमच्छ ने चंद्रबोस को दबोच लिया और गहरे पानी में खींचकर ले गया।
इस खौफनाक नजारे को देख मजदूरों के होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ के आगे सब बेबस हो गए और चंद्रबोस देखते ही देखते पानी में गायब हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं, चंद्रबोस के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। गंगा के गहरे पानी और मगरमच्छ के डर से कोई भी अंदर उतरने की हिम्मत नहीं कर पा रहा है। पुलिस और ग्रामीण अब गोताखोरों का इंतजार कर रहे हैं, ताकि लापता मजदूर की तलाश की जा सके।इस हादसे से पूरे क्षेत्र में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।










Discussion about this post