रतनपुरी। मुजफ्फरनगर में रतनपुरी के सिकंदरपुर गांव की एक विवाहिता को उसके ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये और कार की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने पति, ससुर, सास, दो देवर और ननद के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
गांव सिकंदरपुर निवासी इकबाल ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसने अपनी पुत्री फरहा की शादी अगस्त 2020 में सहारनपुर कोतवाली थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी निवासी आरिस पुत्र यासीन के साथ की थी। शादी में काफी दान दहेज दिया था, लेकिन उसके ससुराल वाले दहेज से खुश नहीं थे। कुछ समय बाद ही उन्होंने 5 लाख रुपये, कार की मांग करना शुरू कर दिया। आरोप है कि जिसके लिए वे लोग उसकी बेटी को प्रताड़ित करने लगे। इस बीच उसने बेटी के ससुराल वालों को एक लाख रुपये और दे दिए, लेकिन कुछ समय बाद ही उन्होंने उसकी बेटी को फिर से परेशान करना शुरू कर दिया।
उसकी बेटी का पति आरिस, ससुर यासीन, सास मीना, जेठ आसिफ व आरिफ, ननद अंजुम ने उसकी बेटी के साथ मारपीट की। साथ ही उसे गर्भावस्था में ही घर से निकाल दिया। सात जनवरी 2025 को समझौता हो जाने पर वे लोग फरहा को उसके ससुराल छोड़ आए, लेकिन ससुराल वाले उसकी बेटी को लगातार प्रताड़ित करते रहे। 10 मार्च 2025 को उसके ससुराल वालों ने 5 लाख रुपये और कार नहीं लाकर देने पर एक बार फिर उसकी बेटी को मारपीट करके घर से निकाल दिया। इसके बाद इकबाल ने उक्त आरोपियों के विरुद्ध एसएसपी से शिकायत की। रतनपुरी पुलिस का कहना है कि कार्रवाई शुरू कर दी है।










Discussion about this post