मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के गांव मुखियाली में गौ-सेवकों ने समय रहते कार्रवाई करते हुए गौ तस्करी के लिए ले जाई जा रही गाय को बचा लिया तथा आरोपी रामकुमार शर्मा को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। गौ सेवकों का आरोप है कि आरोपी पहले भी गो-तस्करी में संलिप्त रह चुका है और उसके खिलाफ कई मुकदमे विचाराधीन हैं।
जानकारी के अनुसार, पचेंडा गांव निवासी प्रवीण पुत्र जगरोशन सिंह की गाय दूध देना बंद कर चुकी थी। इसी बीच रामकुमार शर्मा नामक व्यक्ति, जो पहले से गो-तस्करी के मामलों में आरोपित रहा है, प्रवीण के घर पहुंचा और खर्च-पानी के नाम पर ₹1500 लेकर गाय को गौशाला में छुड़वाने की बात कहकर अपने साथ ले गया।
लेकिन इसके बाद प्रवीण को संदेह हुआ और उसने रामकुमार को मुखियाली गांव के जंगलों में मोहित नाम के एक युवक और दो अन्य लड़कों के साथ देखा। सभी गाय की तस्करी की योजना बना रहे थे। इस पर प्रवीण ने गौ सेवा दल को सूचना दी। सूचना मिलते ही रोहित त्यागी के नेतृत्व में गौ सेवकों की टीम मौके पर पहुंची और रामकुमार व मोहित को पकड़ लिया, जबकि उनके अन्य साथी फरार हो गए।
गौ सेवकों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर चौकी पहुंचाया। पकड़े गए आरोपियों में रामकुमार पर पहले भी दो मुकदमे दर्ज हैं।
गौ सेवक रोहित त्यागी ने कहा, “हम गौ माता की सेवा में अपना खून भी बहा सकते हैं, लेकिन गौ माता को रोज़ नहीं आने देंगे। गो-तस्करी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”










Discussion about this post