मेरठ। बेटी पैदा होने पर पति व अन्य ससुरालियों ने विवाहिता को मच्छर मारने वाली दवा ऑल आउट पिला दी। हालत बिगड़ने पर मेरठ के खुशहाल मोहल्ला निवासी आरोपी ससुरालियों ने विवाहिता को अस्पताल ले जाने के बजाय मायके में सड़क पर दर्द से तड़पता छोड़ दिया और फरार हो गए। यह दरिंदगी अर्थला की संजय कॉलोनी निवासी यासमीन के साथ हुई है।
यासमीन ने बताया कि उनकी शादी 24 जुलाई 2020 को हुई थी। शादी के बाद ससुराल वालों ने पहले तो कम दहेज के लिए उनको प्रताड़ित किया। बाद में साल 2021 में बेटी पैदा होने पर उनके साथ मारपीट कर उनको मच्छर मारने वाला ऑलआउट पिला दिया। किसी तरह यासमीन अपने मायके पहुंची तब मायके वालों ने अस्पताल ले जाकर उनका इलाज कराया।
ठीक होने के बाद जब मायके वालों ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तब ससुराल वाले माफी मांगकर उनको अपने साथ मेरठ ले गए। आरोप है कि यहां 15 अगस्त 2024 को ससुराल वालों ने फिर उनके साथ मारपीट की। छह सितंबर 2024 को जब यासमीन के माता-पिता ससुराल पहुंचे, तो आरोपियों ने उनसे गाली-गलौज की और पति सनव्वर ने यासमीन को तीन तलाक दे दिया।
पीड़िता ने सोमवार को पुलिस को तहरीर देकर आरोपी पति व अन्य ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मेरठ के खुशहाल मोहल्ला निवासी उसके पति सनव्वर, ससुर मुजफ्फर, नंद सबिस्ता उर्फ शब्बो, फरीन और देवर शहवाज के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ना और जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि मामला 2021 का है। पीड़िता ने तहरीर 27 अप्रैल 2025 को साहिबाबाद थाने में दी है। शुरुआती जांच में पीड़िता के बयानों के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।











Discussion about this post