मुजफ्फरनगर। थाना शाहपुर क्षेत्र के गांव सांझक निवासी शाहीन और मोहम्मद सोहेल ने प्रेम विवाह के बाद अपने परिजनों से जान-माल का खतरा बताते हुए एसएसपी कार्यालय में सुरक्षा की गुहार लगाई। दोनों ने 19 अप्रैल को प्रेम विवाह किया था और तब से एक साथ रह रहे हैं। शाहीन ने बताया कि वह चार महीने की गर्भवती है और उसका भाई उसे गर्भपात कराने के लिए दबाव डाल रहा है। साथ ही, भाई ने दोनों को गोली मारने की धमकी दी है।
शाहीन ने कहा कि वह और सोहेल कक्षा पांच से प्रेम संबंध में हैं। उसने आरोप लगाया कि उसके परिवार वाले उसे जबरन दूसरी जगह शादी करने के लिए दबाव डालते थे और मारपीट करते थे। शाहीन ने स्पष्ट किया कि उसने अपनी मर्जी से सोहेल के साथ निकाह किया है, न कि जबरदस्ती। उसने कहा, “मेरा भाई धमकी देता है कि अगर हम दोनों कहीं दिखे तो गोली मार देगा, भले ही उसे 20 साल की सजा हो जाए।”
सोहेल ने भी बताया कि दोनों सांझक गांव के निवासी हैं और सात साल से उनके बीच प्रेम संबंध है। उन्होंने परिवार वालों के दावे को खारिज किया कि शाहीन को जबरदस्ती ले जाया गया। प्रेमी युगल ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है ताकि वे एक साथ सुरक्षित रह सकें।










Discussion about this post