मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में बेहड़ा-बिजनौर मार्ग स्थित कैड़ी गांव में भांजे के साथ मारपीट की सूचना पर उसे बचाने पहुंचे मामा को आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला कर मार डाला। परिजन लहूलुहान हालत में उन्हें लेकर भोपा सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात की गई है। वहीं मारपीट घायल भांजे का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव कैड़ी में 60 वर्षीय श्यामलाल की बहन हीरो देवी भी गांव में ही रहती है। मंगलवार देर शाम हीरो देवी के बेटे विनोद का कुछ युवकों से विवाद हो गया। युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसका पता चलने पर श्यामलाल भांजे विनोद को बचाने के लिए मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों को रोकना चाहा तो आरोपियों ने श्यामलाल पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। श्यामलाल ने बचकर भागने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें दोबारा पकड़ लिया। इस बार के हमले से श्यामलाल मौके पर ही बेहोश होकर गिर गए, आरोपी उन्हें मरा समझ कर भाग गए। मौके पर पहुंचे परिजन और अन्य ग्रामीण श्यामलाल और विनोद को लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने श्यामलाल को मृत घोषित कर दिया।
वहीं विनोद का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वृद्ध की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर अस्पताल पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक जयसिंह भाटी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। श्यामलाल के बेटे रमेश ने हत्यारोपियों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।










Discussion about this post