मुजफ्फरनगर। आज भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) द्वारा मुजफ्फरनगर में द्वारिका सिटी स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय पर नए शेड्यूल के विरोध में प्रदर्शन किया गया। किसानों ने नए शेड्यूल जारी किए जाने को लेकर सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। धरने की अध्यक्षता रविंद्र चेयरमैन बसेड़ा ने की, और संचालन अमित ठाकुर ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी सुधीर पहलवान ने कहा कि बिजली विभाग के उत्पीड़न से किसान त्रस्त हैं। विजिलेंस द्वारा गांव में किसानों को कार्यवाही के नाम पर लूटा जा रहा है। विजिलेंस में कार्यरत कर्मचारी कार्यालयों में बुलाकर सौदेबाजी कर रहे हैं।
पश्चिम प्रभारी राजीव नीटू दुल्हेरा ने कहा कि रात्रि के समय चेकिंग न किए जाने के आदेश के बाद भी, रात्रि में विजिलेंस कर्मी दूसरे लोगों की छत से आकर घर में घुसते हैं। इससे किसी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
विपिन त्यागी, युवा जिला प्रभारी ने कहा कि किसानों की बिजली के घंटे गर्मी के दिनों में कम करना किसानों के साथ अन्याय है। इस धोखे के विरुद्ध किसान आंदोलन करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र मलिक, राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि बिजली विभाग के नए शेड्यूल से किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। गर्मी के दिनों में किसानों को बिजली आपूर्ति दो भागों में करने और बिजली के घंटे कम किए जाना किसानों के साथ अन्याय है। हम बिजली विभाग को चेतावनी देते हैं कि अगर किसानों को दस घंटे बिजली आपूर्ति नहीं मिलती, तो भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) 440 के बिजलीघरों पर कब्जा करके दस घंटे आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। किसानों की आजीविका को बचाने के लिए हम विद्रोह के लिए भी तैयार हैं।
आज गांव में बिजली के अवर अभियंता की इतनी दहशत है कि लोग इन्हें देखकर घर के दरवाजे बंद कर लेते हैं। गर्मी में दो भागों में आपूर्ति से सिंचाई संभव नहीं है, जिससे किसानों को डीजल खर्च करना पड़ेगा। इससे किसान पर कर्ज का भार और बढ़ जाएगा। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) इसके लिए संघर्ष करेगी।
धरने को ठाकुर कुशलवीर (युवा मंडल प्रभारी), विपिन त्यागी (मंडल महासचिव), अमरपाल (नगर अध्यक्ष सिसौली), विदुर त्यागी, शुभम वत्स, प्रवीण, दुष्यंत मलिक, नौशाद, शहजाद राव, विनय त्यागी, राजीव सहरावत, बिजेंद्र बालियान, अंकित जावला ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में बाबर प्रधान, महावीर राठी, सोमपाल सिंह, जानकपाल, ईश्वर सिंह, सुखपाल सिंह, कृष्ण राणा, एजाद, नसीम पुरबालियान, जमील हसन, पप्पल, संजय आर्य सहित सैकड़ों किसान शामिल रहे।










Discussion about this post