मुजफ्फरनगर। रविवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुजफ्फरनगर जिले के विभिन्न कांवड़ मार्गों का हेलीकॉप्टर से हवाई निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। यह दृश्य आस्था, भक्ति और सरकारी सहभागिता का प्रतीक बन गया।
मुख्यमंत्री के पुष्प वर्षा करते ही कांवड़ मार्गों पर “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंज उठे। कांवड़ियों में उत्साह और भक्ति की लहर दौड़ पड़ी। योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के सफल, सुरक्षित और सुगम संचालन के लिए प्रशासन पूरी तरह तत्पर है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार में कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी मुजफ्फरनगर के शिव चौक पहुंचे और जमीन से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कांवड़ यात्रा को विशेष धार्मिक आयोजन मानते हुए इसकी स्वयं निगरानी कर रहे हैं।
राज्य सरकार ने प्रमुख कांवड़ मार्गों पर भोजन, जलपान, विश्राम स्थल, मेडिकल सुविधाएं और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की है। प्रशासन और पुलिस 24 घंटे सेवा में लगे हैं ताकि हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव हो सके।
यह आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार की कार्यशैली, धर्म और सेवा के समन्वय की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरा है।










Discussion about this post