मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव तेवड़ा में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। गांव के बाजार में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने एक युवक को लाठी-डंडों से घेरकर दिनदहाड़े बेरहमी से पीटा। यह घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित युवक सावेज ने खून से लथपथ हालत में थाने पहुंचकर नामजद तहरीर दी है और अपनी जान को खतरे में बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मेडिकल परीक्षण कराया और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को सावेज गांव के बाजार में सामान खरीदने गया था। तभी गांव के ही कुछ दबंग, जिनसे उसकी पुरानी रंजिश चल रही थी, वहां पहुंच गए। उन्होंने अचानक सावेज को गालियां देते हुए लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह दबंग उसे बीच सड़क पर गिराकर लगातार पीटते रहे।
मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ बढ़ता देख आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सावेज ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि आरोपी किस्म के दबंग व बदमाश हैं और पहले भी उसे परेशान कर चुके हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post