मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को फर्जी प्रश्नपत्र बेचकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने वाले 15 हजार रुपये के इनामी वांछित अपराधी को थाना कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
शहर कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि चुंगी नम्बर दो के पास से मिथुन उर्फ नीरज पुत्र महावीर सिंह निवासी मौहल्ला धनधन पट्टी कस्बा व थाना छपरौली जनपद बागपत को गिरफ्तार किया है। शहर कोतवाल ने बताया कि 18 फरवरी 2024 थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा परीक्षार्थियों को फर्जी प्रश्नपत्र बेचकर अवैध लाभ अर्जित करने वाले गैंग का भंडाफोड किया था जिसमें आरोपियों के कब्जे से एक डायरी, दो मोबाईल फोन व एक गाड़ी फोर्ड फिगो डीएल 12 सीबी3836 बरामद की गयी थी।
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा बताया गया था कि उनका संगठित गिरोह है तथा वे उत्तर प्रदेश में होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के कूट रचित फर्जी प्रश्न-पत्र तैयार करते हैं तथा परीक्षार्थीयों को झांसे में लेकर उन्हे परीक्षा का प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराने का लालच देकर बड़ी मात्रा में अवैध धन की वसूली कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करते थे।
इसी तरह उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के कूट रचित फर्जी प्रश्न-पत्र तैयार कर अभ्यर्थियों को झांसा दे कर उनसे अवैध धन वसूली करने की फिराक में थे। पूछताछ में इनामी बदमाश ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ ग्रामीण डाक सेवा के इंटरव्यू में 123 अभ्यर्थी से पैसे लिए थे। वीडीओ की भर्ती में उन्होंने ठगी की थी। उत्तर प्रदेश पुलिस की
आरक्षी पद की मुजफ्फरनगर के 24 केंद्रों पर आयोजित हुई भर्ती परीक्षा के दौरान 50000 से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया था। अभ्यर्थियों को बहलाकर परीक्षा में पास कराने के नाम पर रुपए लेकर धोखाधड़ी करने के लिए इस तरह का गैंग सक्रिय रहा।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि सॉल्वर गैंग के सदस्य मिथुन उर्फ नीरज पुत्र महावीर सिंह निवासी मौहल्ला धनधन पट्टी कस्बा व थाना छपरौली जनपद बागपत पर एसएसपी द्धारा 15 हजार रूपये का पुरूस्कार घोषित किया गया था जिसे चुंगी नम्बर दो के पास से गिरफ्तार किया गया ,अभी इसी गैग का एक आरोपी फरार है जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम मे उपनिरीक्षक अरूण चाहर, हैडकांस्टेबल अमित कुमार तेवतिया, रोहित तेवतिया, कांस्टेबल मनेन्द्र राणा, सैनी कुमार, गगन कुमार, संदीप कुमार, रवि कुमार थाना कोतवाली नगर मौजूद रहे।










Discussion about this post