मुज़फ्फरनगर। थाना खालापार क्षेत्र के मोहल्ला किदवई नगर में जैनबिया स्कूल के पास प्रसाद वितरण के दौरान हुआ विवाद बढ़ गया है। शिया समुदाय के लोगों ने चौकी इंचार्ज दरोगा गणेश शर्मा और हेड कांस्टेबल सत्येंद्र नागर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का गंभीर आरोप लगाया है। इसको लेकर समाज में काफी आक्रोश है।
शनिवार देर रात जैनबिया स्कूल के बाहर तब्बारूक (प्रसाद) वितरण के समय दो युवकों के बीच आपसी झगड़ा हुआ, जिसे शांत कराने की बजाय पुलिस ने दोनों को उठाकर धारा 151 में चालान कर दिया। शिया समाज के सेक्रेटरी एडवोकेट नसीम जैदी ने आरोप लगाया कि बिना किसी लिखित शिकायत या तहरीर के पुलिस ने मनमाने तरीके से कार्रवाई की। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने चौराहे पर खड़े होकर शिया समाज और धार्मिक प्रसाद को अपमानजनक शब्द कहे, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुईं।
रविवार को एडवोकेट नसीम जैदी और अध्यक्ष रौनक हसनैन जैदी के नेतृत्व में शिया समाज के सैकड़ों लोग जैनबिया स्कूल पर एकत्र हुए और चौकी इंचार्ज तथा सिपाही के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थानांतरण की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मौजूद लोगों ने चेतावनी दी कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो वे चौकी को वहां से हटाने पर विवश होंगे।
हंगामे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। समाज के लोगों ने उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह पुलिस चौकी उनकी जमीन पर स्थापित की गई थी, ताकि स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। लेकिन अब वही पुलिस उत्पीड़न कर रही है, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।










Discussion about this post