बुढ़ाना। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के उकावली गांव में कहासुनी के बाद एक भाई ने अपनी 19 वर्षीय बहन लाली की सिर पर फावड़े से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए। इस दौरान सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को चिता से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सिपाही की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।
उकावली निवासी अर्जुन का अपनी बहन लाली के साथ शनिवार रात करीब तीन बजे झगड़ा हो गया। इस दौरान भाई ने बहन के सिर में फावड़े से वार कर दिया। गहरा घाव हो जाने से बहन की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
अर्जुन, उसका पिता कृष्णा पाल और परिवार के ही सौरभ ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सुबह श्मशान घाट में पुलिस मौके पर पहुंची और अधजले शव को बरामद किया। तीनों आरोपियों के अलावा अन्य ग्रामीणों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी भाई का कहना है कि कहासुनी होने पर गुस्से में आकर बहन को मार डाला।










Discussion about this post