मुजफ्फरनगर। जिले के बुढ़ाना क्षेत्र में तैनात सहायक चकबंदी अधिकारी सतीश कुमार शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में सतीश कुमार एक सरकारी कार्यालय में टेबल पर शराब की बोतल और गिलास रखकर खुलेआम पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं, और वह भी सरकारी फाइलों और दस्तावेज़ों के बीच। वीडियो वायरल होते ही जिले में हड़कंप मच गया है। आम लोगों से लेकर सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों तक ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। स्थानीय लोग सतीश शर्मा को तत्काल निलंबित कर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के विधायक राजपाल बालियान पहले ही सतीश शर्मा पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की थी। वायरल वीडियो ने उन आरोपों को और बल दे दिया है।
अब तक इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे लोगों में नाराज़गी है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह एक जिम्मेदार अधिकारी, जो भूमि संबंधी मामलों में संवेदनशील पद पर तैनात है, सरकारी मर्यादाओं को ताक पर रख कर शराब का सेवन कर रहा है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि ऐसे अधिकारी बगैर कार्रवाई के बच निकलते हैं, तो यह बाकी कर्मचारियों को भी गलत संदेश देगा। जनता की मांग है कि सहायक चकबंदी अधिकारी को तत्काल निलंबित कर जांच शुरू की जाए, ताकि सरकारी संस्थानों की गरिमा बनी रहे।










Discussion about this post