मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र में किराए पर रहने वाले प्रवीण कुमार की पत्नी अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई है। चार बच्चों के पिता प्रवीण ने मंडी थाने में पुलिस से पत्नी की बरामदगी की गुहार लगाई है।
उन्होंने कहा कि “साहब, बच्चों का पालन-पोषण कैसे करूं? काम करूं या बच्चे पालूं? मेरी बीवी को बरामद कर दो।” अलीगढ़ और बिजनौर के बाद मुजफ्फरनगर में ये तीसरा ऐसा मामला है, जहां एक महिला अपने बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ भाग गई।
पीड़ित पति प्रवीण कुमार नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में किराए के मकान में अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ रहते थे। पहले वह मकान मालिक विपिन के घर में किराए पर रहते थे। प्रवीण ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी पर उनके साले आजाद की बुरी नजर थी।
इसकी शिकायत उन्होंने मकान मालिक विपिन और उनकी पत्नी चीनू से की थी, लेकिन दोनों ने आजाद का पक्ष लिया और प्रवीण की पत्नी को बुरा-भला कहा। इससे नाराज होकर प्रवीण ने विपिन का मकान छोड़ दिया और मंडी क्षेत्र के रामलीला मैदान के पास किराए के मकान में रहने लगे।
पीड़ित के मुताबिक, 7 अप्रैल को सुबह 11 बजे प्रवीण किसी काम से बाहर गए थे। उस समय उनकी पत्नी और बच्चे घर पर थे। शाम को जब प्रवीण घर लौटे तो उनकी पत्नी घर पर नहीं थी। बच्चों से पूछने पर पता चला कि मकान मालिक का रिश्तेदार आजाद उनके घर आया था और उनकी मां उसके साथ चली गई। तब से उनकी पत्नी का कोई अता-पता नहीं है।
एसएसपी ऑफिस पहुंचे प्रवीण ने बताया कि उनकी पत्नी के फरार होने से वह और उनके चार बच्चे गहरे सदमे में हैं। वह दिन-रात थाने के चक्कर काट रहे हैं और पुलिस से अपनी पत्नी की बरामदगी की मांग कर रहे हैं।
प्रवीण ने कहा, “मेरे पास न तो इतना समय है और न ही संसाधन कि मैं अपनी पत्नी को ढूंढ सकूं। मेरे चार छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनका पालन-पोषण मेरे लिए चुनौती बन गया है। मैं काम करूं या बच्चों को संभालूं?” उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई कर उनकी पत्नी को ढूंढने की अपील की है।
इससे पहले जानसठ कोतवाली इलाके के तिसंग निवासी महिला भी अपने 3 बच्चों को छोड़कर फरार हो चुकी है। पीड़ित पति ने भी एसएसपी को शिकायत कर बीवी की बरामदगी की मांग की है।










Discussion about this post