मुज़फ्फरनगर। जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब महिलाएं मॉर्निंग वॉक पर भी सुरक्षित नहीं हैं। सुबह-सुबह बाइक सवार तीन बदमाशों ने दभेड़ी नहर पुलिया के पास मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं से तमंचे के बल पर लूटपाट की। बदमाशों ने महिलाओं के सोने के कुंडल और ताबीज लूट लिए। इस दौरान एक महिला का कान फट गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता आशिया ने बताया कि वह अपनी सहेली शबनम के साथ भट्ठे वाली सड़क पर सुबह की सैर के लिए निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने पहले महिलाओं से बातचीत के बहाने रुकवाया, फिर तमंचा दिखाकर सोने के कुंडल लूट लिए। आशिया के विरोध करने पर बदमाशों ने झपट्टा मारा, जिससे उसका कान फट गया। वहीं शबनम ने डर के मारे अपने कुंडल खुद निकालकर दे दिए।
चीख-पुकार सुनते ही बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायल आशिया को सीएचसी बुढ़ाना में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।










Discussion about this post