मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के गांव शेरनगर के जंगल में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव को नीचे उतारा और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतक की पहचान थाना तितावी क्षेत्र के गांव बघरा निवासी जयपाल पुत्र बिसंबर के रूप में की है। बताया जा रहा है कि जयपाल पिछले दो दिनों से लापता था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
थाना प्रभारी दिनेश बघेल ने जानकारी दी कि जयपाल कुछ समय से कुकड़ा गांव में रह रहा था और पारिवारिक कलह के चलते परेशान बताया जा रहा था। दो दिन पहले वह अचानक लापता हो गया था। मंगलवार सुबह उसका शव शेरनगर के जंगल में पेड़ से लटका मिला, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की गहराई से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य कारण से युवक की मौत हुई है।
जयपाल का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है ताकि युवक की मानसिक स्थिति और पारिवारिक परिस्थितियों को समझा जा सके।










Discussion about this post