सहारनपुर। नकुड़ के गांव सांपला बेगमपुर में छत पर सो रहे युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक का शव कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला, जबकि घर के बाहर सड़क पर खून बिखरा पड़ा था। सीओ और इंस्पेक्टर गांव पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी लेने के बाद जांच शुरू कर दी है। गांव सांपला बेगमपुर निवासी अशोक वाल्मीकि ने बताया कि उनका अविवाहित बेटा अंकित (24) अपने चाचा के बेटे अतुल के साथ घर की छत पर सो रहा था। सुबह करीब चार बजे उन्होंने अंकित को नीचे कमरे में चारपाई पर पड़ा देखा।
बताया कि अंकित आधा चारपाई पर व आधा नीचे लटका हुआ था। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार का घाव और खून लगा हुआ था। यह सब देख उसकी चीख निकल गई। परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गये और चीखने चिल्लाने का शोर सुनकर पड़ोसी आ गये। बताया कि घर के बाहर ही सड़क पर खून पड़ा हुआ था। सीओ एसएन वैभव पांडेय व कोतवाल अविनाश गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मृतक अंकित की चार बहनें और दो भाई हैं। अंकित एक बहन और एक भाई से छोटा तीसरे नंबर का था। घर में ही रहकर मजदूरी पर काम करता था। बड़ा भाई अपने मामा के यहां और छोटा भाई चंडीगढ़ में प्राइवेट नौकरी करता है। एक बड़ी बहन की शादी हो चुकी है।











Discussion about this post