सहारनपुर। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग जगहों से चार शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की अवैध स्मैक और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। सभी आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया गया है।
थाना फतेहपुर प्रभारी सचिन पूनिया ने जानकारी दी कि उनकी टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक भूपेंद्र शर्मा और उपनिरीक्षक सौरभ शामिल थे। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम रजापुर गंगाली हाईवे फ्लाईओवर के पास से तीन नशा तस्करों को दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दानिश पुत्र जुल्फान निवासी रेडी ताजपुरा थाना बेहट, जीशान पुत्र अहसान निवासी मौ. मनिहारान कस्बा व थाना रामपुर मनिहारान तथा शाकिर पुत्र अख्तर निवासी मौ. हरिजन
कॉलोनी छुटमलपुर थाना फतेहपुर के रूप में हुई। उनके कब्जे से कुल 50.50 ग्राम अवैध स्मैक और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/21/60(3) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
वहीं, दूसरी ओर थाना बेहट पुलिस ने भी चेकिंग के दौरान एक नशा तस्कर को पकड़ा। थाना प्रभारी सतपाल सिंह भाटी ने बताया कि उपनिरीक्षक रोबिल्स कुमार और अरविंद तोमर के साथ पुलिस टीम ने ग्राम शाहपुर जाने वाले खड़ंजे पर चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान उमर पुत्र जरीफ निवासी ग्राम पथरवा थाना बेहट के रूप में हुई। उसके कब्जे से 10.68 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए जिलेभर में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी हालत में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।











Discussion about this post