लखनऊ। शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने एक महत्वपूर्ण ऑल इंडिया बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को छोड़कर देश के अन्य सभी राज्यों के पदाधिकारी शामिल हुए। मायावती ने आगामी चुनावों के मद्देनजर वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया।
बैठक की मुख्य बातें-
वोटर लिस्ट पर फोकस: मायावती ने निर्देश दिए कि पार्टी के अन्य सभी संगठनात्मक कार्यों को कुछ समय के लिए रोककर पूरा ध्यान ‘एसआईआर’ (SIR) अभियान पर लगाया जाए। उन्होंने जोर दिया कि गरीब, मजदूर और बहुजन समाज का एक भी व्यक्ति वोटर लिस्ट से वंचित नहीं रहना चाहिए।
पदाधिकारियों को फटकार: राज्यवार रिपोर्ट की समीक्षा के दौरान मायावती ने संगठन की मजबूती और आर्थिक सहयोग के पुराने निर्देशों का पालन न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कमियों को जल्द दूर कर जनाधार बढ़ाने के सख्त आदेश दिए।
चुनाव व्यवस्था और केंद्र पर हमला: ‘बहनजी’ ने धनबल, बाहुबल और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने बिहार चुनाव में सरकारी धन के कथित वितरण और मनरेगा की जगह लाई जा रही नई योजना में केंद्र का हिस्सा घटाने की तीखी आलोचना की।
जन्मदिन की तैयारी: मायावती ने आगामी 15 जनवरी को अपना जन्मदिन ‘जनकल्याणकारी दिवस’ के रूप में सादगी और सेवाभाव से मनाने के निर्देश दिए। यूपी में मंडल स्तर और अन्य राज्यों में जोन स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।










Discussion about this post