शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में भूमाफियाओं का दबदबा बढ़ता जा रहा है। यहां भूमाफियाओं ने कब्रिस्तान और तालाब की जमीन को भी नहीं बख्शा है। आरोप है कि वे इन संवेदनशील जमीनों पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य करा रहे हैं। इस गंभीर मामले को लेकर ग्रामीणों और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर जमीन को कब्जे से मुक्त कराने और भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
बुधवार को झिंझाना क्षेत्र के कस्बा झिंझाना के ग्रामीण सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के पदाधिकारियों के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपा जिसमें बताया गया कि उनके कस्बे में तालाब की जमीन ग्राम पंचायत की है जबकि कब्रिस्तान की जमीन वक्फ बोर्ड की है। बावजूद इसके भू माफियाओं ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए इन जमीनों पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि ये भू माफिया दबंग किस्म के लोग हैं, जिनका कोई विरोध नहीं कर पाता। इसलिए वे जिलाधिकारी से अनुरोध कर रहे हैं कि कब्रिस्तान और तालाब की भूमि पर चल रहे अवैध निर्माण को तुरंत रोका जाए और कब्जा मुक्त कराया जाए ताकि इलाके में कानून व्यवस्था कायम रहे।











Discussion about this post