कांधला। शामली के कांधला थाना क्षेत्र के जसाला गांव में एक किसान की लाखों रुपए की फसल और पेड़ को दबंगों द्वारा नष्ट कर देने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ऋषिपाल ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
ऋषिपाल के पास गांव में तीन बीघा जमीन है, जिस पर वह अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए खेती करता है। उन्होंने बताया कि उनकी जमीन पर लगे पॉपलर के पेड़ों को दबंगों ने काट दिया। इतना ही नहीं, जब उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो आरोपियों ने उनकी गेहूं की फसल को भी बर्बाद कर दिया।
पीड़ित ने 28 मार्च और 2 अप्रैल को कांधला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पिछले 10 दिनों से वह थाने और अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ऋषिपाल का आरोप है कि चौकी इंचार्ज उन्हें और आरोपी पक्ष को धारा 151 में जेल भेजने की बात कर रहे हैं।
पीड़ित किसान ने एसपी कार्यालय में शिकायत करते हुए कहा कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह जनपद और प्रदेश छोड़ने को मजबूर हो जाएंगे। उनका कहना है कि दबंगों की करतूत से उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।











Discussion about this post