मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों के आरोप में 16 युवकों की गिरफ्तारी को लेकर जनाक्रोश भड़क गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने निर्दोष युवकों को तमंचे आदि दिखाकर फर्जी तरीके से जेल भेज दिया है।
इस मुद्दे पर शनिवार को भोकरहेड़ी के आर्य समाज मंदिर में सर्वखाप व सर्व समाज पंचायत बुलाई गई, जिसमें भाजपा क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी ने चेतावनी दी कि अगर युवकों को न्याय नहीं मिला तो 15 अगस्त को 10,000 लोगों के साथ थाना भोपा पर गिरफ्तारी दी जाएगी।
पंचायत में भाजपा नेता अमित राठी ने कहा कि भोपा पुलिस गुडवर्क दिखाकर उच्च पद पाने की होड़ में बेगुनाह युवकों को फर्जी असलाह दिखाकर जेल भेज रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने निर्दोषों को बड़ा अपराधी दिखाने का प्रयास किया है, जिससे क्षेत्र में भाजपा सरकार की छवि धूमिल हो रही है।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम का एक ज्ञापन क्षेत्राधिकारी डॉ. रवि शंकर मिश्रा को सौंपा गया। ज्ञापन सौंपते समय थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह भी मौजूद रहे। पंचायत की अध्यक्षता चन्द्रवीर सहरावत और संचालन अजय कृष्ण शास्त्री ने किया।
महामंडलेश्वर स्वामी गोपालदास महाराज, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुणपाल, सपा नगर अध्यक्ष अलीशेर अंसारी, रालोद के संजय राठी, अनुज अहलावत, मनीष चौधरी, बब्बू राठी, मा. बीरसिंह, अनुज पहलवान, संजीव बाबा, अश्वनी सहरावत, अप्पी प्रधान, मदन प्रधान, ज्ञानसिंह सैनी, हरेन्द्र शर्मा, बिन्नू राठी, रविन्द्र प्रधान, केपी सिंह, अनुकूल चौधरी, नरेंद्र प्रमुख, वेदवीर सिंह, संदीप तिस्सा, नवाब अली, मोनू कुमार आदि।










Discussion about this post