मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर ज़िले की प्राचीन तीर्थ नगरी शुक्रतीर्थ इन दिनों बाढ़ की चपेट में है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सोनाली नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुँच गया है। नदी में तेज़ी से हो रहे उफान के कारण शुक्रतीर्थ का पूरा घाट जलमग्न हो गया है। सोनाली नदी पर बना पुल भी पूरी तरह पानी में डूब गया है, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही बाधित हो रही है।
बढ़ते जलस्तर के चलते घाट पर स्थित महिला स्नानघर और पूजा स्थलों को नुकसान पहुंचा है। कुछ संरचनाएं सुरक्षित बाहर निकाल ली गई हैं, लेकिन तेज धाराओं ने घाट की मूल संरचना को क्षति पहुंचाई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल ने स्वयं नाव से शुक्रतीर्थ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर हालात का जायज़ा लिया और राहत कार्यों को तेज़ करने के निर्देश दिए।
बाढ़ राहत कार्यों के अंतर्गत सोनाली नदी से जलकुंभी और मलबा हटाने के लिए दो जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। साथ ही, जिला पंचायत द्वारा साफ-सफाई का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। खादर क्षेत्र में बाढ़ चौकियों और कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
प्रशासन दावा कर रहा है कि बाढ़ से निपटने की सभी तैयारियां पूरी हैं, लेकिन सोनाली नदी के उफान को देखकर स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल है। आने वाले दिनों में प्रशासन की तत्परता और राहत कार्यों की गति हालात को कितनी जल्दी नियंत्रित कर पाएगी, यह देखना होगा।










Discussion about this post