मेरठ। हम ब्रह्मचारी हैं, लेकिन देश की खातिर हम सेना के साथ मिलकर लड़ने, हर मोर्चे पर मोर्चा संभालने को तैयार हैं। हमने पढ़ाई के दौरान एनसीसी की ट्रेनिंग ली है और हमारे पास सर्टिफिकेट भी है। हम किसी भी तरह के सैन्य कैंप में जाने को तैयार हैं। यह समय सभी दुश्मनी भुलाकर एकता दिखाकर देश के लिए खड़े होने का है। ज्योतिष पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने एक वीडियो जारी कर ये बातें कही हैं।
मेरठ प्रवास पर आए जगदगुरू शंकराचार्य मवाना रोड डिफेंस कॉलोनी में कारोबारी सुदीप अग्रवाल के यहां रुके थे। शुक्रवार सुबह शंकराचार्य रवाना हो गए। उससे पहले उन्होंने 6 मिनट 15 सेकंड का वीडियो जारी किया।
वीडियो में उन्होंने कहा पाकिस्तान के आतंकवादियों ने भारत में आकर लोगों की हत्या की। अब भारत ने जवाब दिया तो पाकिस्तान ने ड्रोन, मिसाइलों से हमला किया लेकिन हमारे सेना ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए उनके हमले को नाकाम कर दिया है। यह समय एक दूसरे से भेदभाव भूलकर एकजुटता दिखाते हुए देश के लिए खड़ा होने का समय है।
शंकराचार्य ने कहा स्थितियों को देखते हुए आगामी 2 माह के सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है। मैं देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षामंत्री, तीनों सेनाध्यक्षों से कहना चाहता हूं कि पूरा देश आपके साथ है।
उन्होंने कहा कि वैसे तो हम ब्रह्मचारी है, लेकिन देश की खातिर सेना के साथ हर कार्य करने को तैयार हैं। पढ़ाई के दौरान हमने एनसीसी की ट्रेनिंग ली हुई है, उसका सर्टिफिकेट भी है, जिसके चलते सैन्य कार्य की जानकारी है। जहां हमें भेजा जाएगा, वहां जाने को तैयार हैं। देश को कमजोर करने या खतरे में डालने का प्रयास करने वालों को ऐसा सबक सिखाया जाए जिससे वह अपनी भूल का अनुभव कर सकें।











Discussion about this post