मोरना। बहेड़ा-जौली मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध हरिओम श्री सिद्ध पीठ शिव मंदिर पर शुक्रवार दोपहर तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिर गई। तेज धमाके के साथ गिरी बिजली से मंदिर में रखे लाखों रुपये के उपकरण जलकर खाक हो गए और परिसर में स्थित संतों की कुटिया भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
ककरौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बहेड़ा सादात स्थित इस मंदिर में हुए हादसे से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल है। मंदिर के पुजारी स्वामी धर्मानंद गिरी महाराज ने बताया कि बिजली गिरने से सोलर पैनल, बैटरी सेट, माइकिंग सिस्टम, स्पीकर और अन्य कई विद्युत उपकरण पूरी तरह जल गए। इसके अलावा मंदिर परिसर में लगे हैंडपंप की चौकी चटक गई और दीवारों में गहरी दरारें आ गईं।
गनीमत यह रही कि तेज बारिश के कारण घटना के वक्त कोई व्यक्ति मंदिर में मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लेकिन हादसे से धार्मिक स्थल को गंभीर नुकसान पहुंचा है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मंदिर की मरम्मत और नुकसान के मुआवज़े की मांग की है। मंदिर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं से दहशत का माहौल है।










Discussion about this post