शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही सामने आई है।शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में अचानक बिजली गुल हो गई, जिससे एक्स-रे और सीटी स्कैन सेवाएं बाधित हो गईं। मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। हैरानी की बात यह रही कि प्लास्टर कक्ष में इलाज टॉर्च की रोशनी में किया गया, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति उजागर हो गई।
बारिश के मौसम में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ थी। करीब 11 बजे बिजली कट गई, जिससे कई जरूरी सेवाएं ठप हो गईं। प्लास्टर कक्ष में इलाज करा रहे मरीजों का उपचार मोबाइल टॉर्च और अन्य रोशनी के सहारे किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक मरीज का प्लास्टर बीच में रुका हुआ था, तभी एक अन्य मरीज ने टॉर्च जलाकर चिकित्सा स्टाफ को रोशनी दी, ताकि काम पूरा हो सके। इस दौरान एक्स-रे, सीटी स्कैन और अन्य उपकरण भी काम नहीं कर रहे थे।
हालांकि करीब 15 मिनट बाद बिजली बहाल हुई, और फिर सभी सेवाएं सामान्य रूप से शुरू हो गईं। इस संबंध में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर आहूजा ने बताया कि कुछ समय के लिए बिजली बाधित हुई थी, लेकिन अब व्यवस्था सामान्य है।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जिले के सबसे बड़े अस्पताल में न तो बैकअप जनरेटर की पर्याप्त व्यवस्था है और न ही आपात स्थिति से निपटने की योजना।











Discussion about this post