मुजफ्फरनगर। शहर में अब नगरपालिका परिसर में भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह ऐतिहासिक निर्णय नगरपालिका परिषद की हाल ही में हुई बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया। वर्षों पुरानी इस मांग को धरातल पर उतारने में प्रमुख भूमिका निभाने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल, नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप और भाजपा सभासद राजीव शर्मा का ब्राह्मण और त्यागी समाज ने शनिवार को भव्य नागरिक अभिनंदन कर सम्मान किया।
प्रतिमा नगरपालिका परिसर में स्थित पुस्तकालय के पास स्थापित की जाएगी। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप की ओर से इस प्रस्ताव को मूर्त रूप दिया जा रहा है। इस निर्णय की जानकारी मिलने पर ब्राह्मण और त्यागी समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक पालिका चेयरपर्सन के पटेलनगर स्थित आवास पर पहुंचे। इसके बाद सभी ने मंत्री कपिल देव अग्रवाल के आवास पर पहुंचकर तिलक, शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि भगवान परशुराम न केवल विष्णु के छठे अवतार हैं, बल्कि वह भारतीय संस्कृति में शौर्य, तप, धर्म और मर्यादा के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा नगर के लिए गौरव की बात होगी और यह भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान ब्राह्मण समाज की मांग पर एक प्रमुख चौराहे का नामकरण भगवान परशुराम के नाम पर करने का संकल्प लिया गया था, जिसके पीछे लगातार प्रयास चल रहे थे। मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रस्ताव और सभासद राजीव शर्मा के सहयोग से अब प्रतिमा स्थापना का निर्णय पूर्णता की ओर बढ़ा है।
गौरव स्वरूप ने कहा कि यह पहल केवल मूर्ति स्थापना तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि युवाओं को प्रेरित करने वाला सांस्कृतिक चेतना केंद्र बनेगी। यह सामाजिक एकता, आत्मगौरव और सकारात्मक दिशा का प्रतीक सिद्ध होगा।
सभासद राजीव शर्मा ने बताया कि वर्ष 2006 से वह इस प्रस्ताव के लिए प्रयासरत थे। तीन जून 2025 को नगर पालिका बोर्ड की बैठक में यह प्रस्ताव एकमत से पारित हुआ और आज यह सपना साकार होने जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सभासद मनोज वर्मा, अमित शर्मा, रविकांत शर्मा उर्फ काका, प्रशांत गौतम, हिमांशु कौशिक, विष्णु शर्मा, शरद शर्मा, प्रदीप शर्मा, उमादत्त शर्मा, पुनीत वशिष्ठ, अरुण शर्मा, हरीश त्यागी, प्रमोद शर्मा, अक्षय शर्मा, राकेश शर्मा, देवेश शर्मा, हरेंद्र शर्मा, अमित शास्त्री, दीपचंद, योगेश शर्मा, अजय शर्मा सहित समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त प्रयासों की सराहना की और इसे ब्राह्मण समाज की वर्षों पुरानी मांग की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।










Discussion about this post