मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार में गुरुवार को उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए गए और कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों को धनराशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने छात्र-छात्राओं और महिलाओं को योजनाओं का महत्व समझाते हुए वितरण किया। अधिकारियों ने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना और उन्हें डिजिटल युग में सशक्त बनाना है।
लैपटॉप और धनराशि पाकर छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने इस पहल के लिए शासन-प्रशासन की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को प्राथमिकता देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जैसे: डायल-112, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और सीएम हेल्पलाइन-1076।
साथ ही निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, और आयुष्मान योजना जैसी महिला केंद्रित सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण भी मौजूद रहे।










Discussion about this post