लखनऊ/मुज़फ्फरनगर | उत्तर प्रदेश सरकार ने कल देर रात एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल में 127 पीसीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया, जिसमें मुजफ्फरनगर जिले को दो नए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मिले। राहुल देव भट्ट और संजय सिंह अब जिले में प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाएंगे। दोनों अधिकारियों को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में एसडीएम के रूप में तैनात किया गया है, जिससे शासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि मुज़फ्फरनगर प्रशासन को अब और चुस्त-दुरुस्त किया जाएगा।
राहुल देव भट्ट इससे पहले कौशांबी में एसडीएम पद पर कार्यरत थे और अब उन्हें मुज़फ्फरनगर भेजा गया है। उनकी पहचान एक कर्मठ, ईमानदार और मैदानी अनुभव वाले अफसर के तौर पर रही है। वहीं संजय सिंह, जो पहले मथुरा में उपजिलाधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं, को भी मुज़फ्फरनगर में एसडीएम की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों अधिकारियों को ज़िले के अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जिससे प्रशासनिक कार्यों की निगरानी और समाधान प्रक्रिया और तेज़ हो सके।
मुज़फ्फरनगर, जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक संवेदनशील और रणनीतिक जिला माना जाता है, वहां दो अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति को विशेष महत्व के तौर पर देखा जा रहा है। जिले में कई विकास योजनाओं के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को लेकर भी शासन की पैनी नजर है। नई तैनाती के बाद यह उम्मीद की जा रही है कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान तेज़ी से होगा और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी।
प्रदेश स्तर पर हुए इस फेरबदल में नोएडा, लखनऊ, सिद्धार्थनगर, गोंडा, मथुरा, बदायूं, मेरठ, कानपुर, अयोध्या सहित कई जिलों में भी अफसरों की नई तैनाती की गई है। शासन का फोकस स्पष्ट रूप से ऐसे अफसरों को जिलों में भेजना है जो ज़मीनी स्तर पर काम करने में सक्षम हों और जनता से संवाद में बेहतर हों।
सरकार के इस फैसले को आगामी चुनावों और शासन की जनहित योजनाओं को ज़मीन पर लागू कराने के दृष्टिकोण से एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। मुज़फ्फरनगर के लोग अब नए नेतृत्व से विकास, जवाबदेही और बेहतर प्रशासन की उम्मीद कर रहे हैं।










Discussion about this post