मुज़फ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव शेरनगर में तालाब में डूबे मासूम बच्चे का शव न मिलने से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने सोमवार को नेशनल हाईवे-58 पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण हाईवे के दोनों ओर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। मौके पर पहुंची नई मंडी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम को खुलवाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन के अधिकारी केवल मौके पर आकर औपचारिकता निभा रहे हैं, जबकि बच्चे को खोजने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
बीजेपी नेता तरुण पाल ने बताया कि रविवार सुबह बारिश के दौरान तीन साल का एक मासूम तालाब में गिर गया था, जो अब तक लापता है। तालाब में भारी गंदगी और घास होने के कारण शव की तलाश में दिक्कत आ रही है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक टीम और ग्रामीण लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली है।
इसी लापरवाही और देरी से नाराज होकर ग्रामीणों ने आज सड़क पर उतरकर विरोध जताया। प्रशासन द्वारा समझाइश के बाद जाम हटाया गया, लेकिन गांव वालों की मांग है कि तलाशी अभियान तेज किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।










Discussion about this post