अमेठी। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मंगलम डिग्री कॉलेज के पास एक के बाद एक सात वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण टक्कर में दो ट्रक ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस सवारियों सहित 16 लोग घायल हुए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
मुसाफिरखाना कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार सिंह के अनुसार, हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। लखनऊ से सुल्तानपुर की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक ओवरब्रिज के पास डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इसके पीछे आ रहे चार अन्य ट्रक भी अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से जा भिड़े।
इसी दौरान पीछे से आ रही सवारियों से भरी रोडवेज की जनरथ बस के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन बस सामने खड़े ट्रक से टकरा गई। बस के ठीक पीछे चल रही एक कार भी पीछे से बस में जा घुसी। एक साथ सात वाहनों की टक्कर से हाईवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
राहत और बचाव कार्य-
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और क्रेन व स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। सभी 16 घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान: एक मृतक की पहचान मोहम्मद शमशाद (निवासी जायस) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। दोनों मृतक ट्रक चालक थे।
घायलों की स्थिति: 14 घायलों की हालत सामान्य है, जबकि दो गंभीर रूप से घायल क्लीनरों (खलासी) को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
यातायात बहाल-
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे हटवाकर और डिवाइडर व्यवस्थित कर यातायात को पुनः सुचारू रूप से बहाल कर दिया है।











Discussion about this post