लखनऊ। गन्ना मूल्य में वृद्धि और किसानों के बकाया भुगतान को लेकर समाजवादी पार्टी ने आज विधानसभा के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर विधानसभा पहुंचे, जिससे पूरे परिसर में हलचल मच गई। उनके साथ विधायक संग्राम यादव सहित कई अन्य नेता भी मौजूद रहे।
गन्ना और चौधरी चरण सिंह का कटआउट लेकर प्रदर्शन-
विधानसभा पहुंचे विधायकों के हाथों में गन्ने की फसल और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के कटआउट थे। प्रदर्शनकारी विधायकों ने ‘चौधरी चरण सिंह जिंदाबाद’ के नारे लगाए और प्रदेश की भाजपा सरकार को ‘किसान विरोधी’ करार देते हुए जमकर नारेबाजी की।
अतुल प्रधान की मांग: ₹450 प्रति क्विंटल हो गन्ना मूल्य-
विधायक अतुल प्रधान ने सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “यह सरकार केवल किसान हितैषी होने का दिखावा कर रही है। हकीकत में किसान परेशान है और उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।” उन्होंने सरकार के सामने प्रमुखता से दो मांगें रखीं:
गन्ना मूल्य को बढ़ाकर तत्काल 450 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए।
किसानों का पिछला बकाया भुगतान ब्याज सहित जल्द से जल्द चुकाया जाए।
सरकार विरोधी नारेबाजी से गूंजा परिसर-
सपा विधायकों ने साफ कहा कि जब तक किसानों को उनकी फसल का उचित दाम नहीं मिलता और बकाया भुगतान नहीं होता, वे सड़क से सदन तक अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे। ट्रैक्टर पर सवार होकर सदन पहुँचने का यह तरीका सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा बटोर रहा है।










Discussion about this post