मुजफ्फरनगर। रोहाना टोल पर लगे बूम बैरियर तोड़ने और टोल फ्री कराने पर हंगामा करने और धरना देने के मामले में टोल मैनेजर रविंद्र सिंह पाल ने शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें भाकियू भानु के जिला अध्यक्ष ममेश ठाकुर और 40-50 कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है। मुकदमे में आरोप लगाया गया कि टोल फ्री कराने से 70 हजार के राजस्व का नुकसान हुआ है।
टोल प्लाजा के प्रबंधक ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर कहा कि रविवार को 11 बजकर 52 मिनट पर भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष अपने 40-50 साथियों के साथ 12 गाड़ियों में देवबंद की तरफ से आए। इन लोगों ने गाली गलौज करते हुए उपद्रव मचाया। टोल प्लाजा के बूम बैरियर तोड़ दिए। टोल काे फ्री कराया दिया। देवबंद जाने वाली लेन पर दरी बिछाकर धरना प्रदर्शन किया, जिससे टोल की कार्रवाई प्रभावित हुई। इससे 68 से 70 हजार के राजस्व की हानि हुई है। यह पूरा मामला टोल पर लगे सीसीटीवी में कैद है।
घटना के समय शहर कोतवाली प्रभारी एएसपी राजेश घुनावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामला संभाला। इस मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी राजू कुमार साव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।










Discussion about this post