लखनऊ। लखनऊ के तेलीबाग के महौरीबाग स्थित बाग मस्जिद के पास रहने वाले प्राइवेट सफाईकर्मी अंकित (21) ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के चचेरे भाई शिवा कश्यप ने बताया कि रविवार सुबह 6:07 बजे अंकित ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट किया था कि मां मैं आपको फॉलो करते हुए मरने जा रहा हूं। परिजनों ने उसकी पत्नी और ससुराल वालों पर अंकित को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
इंस्पेक्टर पीजीआई ने बताया कि इस संबंध में परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। शिवा के अनुसार छह माह पहले अंकित ने इलाके की रहने वाली माही नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था। कुछ दिनों बाद ही दोनों में झगड़े होने लगे और माही मायके में रहने लगी। अंकित पत्नी को विदा कराने कई बार ससुराल गया।
आरोप है कि वहां माही के मायके वालों ने मारपीट की और अपमानित किया। शनिवार को अंकित के पिता बिरजू और मां मंजू वैवाहिक कार्यक्रम में गोंडा गए थे। रविवार सुबह उन्होंने अंकित को कई बार कॉल किया, पर फोन नहीं उठा।
शिवा ने पास में रहने वाली बहन नंदिनी व बहनोई बाबू को फोन किया। नंदिनी व बाबू जब अंकित के घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो अंकित का शव टिनशेड के एंगल में साड़ी के सहारे लटका मिला।










Discussion about this post