मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो एक विवाहिता की अश्लील तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे बार-बार ब्लैकमेल कर रहा था और उसके साथ बलात्कार कर रहा था। उत्पीड़न से तंग आकर महिला ने आत्महत्या का प्रयास भी किया था।
ब्यूटी पार्लर में शुरू हुआ उत्पीड़न-
यह मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के एक गाँव की रहने वाली एक विवाहित महिला से जुड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अप्रैल 2025 में महिला एक पारिवारिक शादी के लिए फेशियल कराने पीनना स्थित एक ब्यूटी पार्लर में आई थी।
वहीं उसकी मुलाक़ात ब्यूटी पार्लर की मालकिन के भाई, आरोपी अरविंद (पीनना निवासी) से हुई। आरोप है कि आरोपी अरविंद ने धोखे से महिला की कुछ अश्लील तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद वह उसे फ़ोन करके ब्लैकमेल करने लगा।
दुष्कर्म और आत्महत्या का प्रयास-
महिला द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपी अरविंद लगातार अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करता रहा और इस ब्लैकमेलिंग के दम पर जबरदस्ती दुष्कर्म करता रहा।
आरोपी के लगातार उत्पीड़न से तंग आकर पीड़िता ने अंततः जहरीला पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना के बाद महिला ने हिम्मत जुटाकर अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा-
पीड़िता की तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तत्काल रिपोर्ट दर्ज की।
थाना प्रभारी बबलू कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी अरविंद को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने की तैयारी कर रही है और जल्द ही मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़िता के बयान दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके।










Discussion about this post