लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी के ओमेक्स वाटर एस्केप कॉम्पलेक्स में मर्चेंट नेवी अफसर की पत्नी मधु सिंह (26) का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मधु के ससुराल वालों का दावा है कि यह आत्महत्या का मामला है, जबकि मायके वालों ने हत्या कर शव को लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौत का सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।
मधु के पिता फतेह बहादुर सिंह के अनुसार, उनकी बेटी की शादी छह महीने पहले, 25 फरवरी 2025 को, मर्चेंट नेवी में सेकेंड ऑफिसर अनुराग सिंह से हुई थी। अनुराग कुछ दिन पहले छुट्टी पर घर आया था। घटना से एक रात पहले, रविवार को, पति-पत्नी के बीच किसी बात पर विवाद हुआ था। मधु ने रविवार रात करीब 8 बजे अपनी बड़ी बहन प्रिया को फोन कर अनुराग पर मारपीट का आरोप लगाया था। इसके बाद सोमवार दोपहर को मायके वालों को मधु की आत्महत्या की सूचना दी गई।
पिता का आरोप है कि अनुराग शादी के बाद से दहेज की मांग कर रहा था और मधु को बार-बार प्रताड़ित करता था। कुछ समय के लिए मधु मायके में रही थी, लेकिन दहेज की मांग पूरी होने पर होली के दिन ससुराल वापस चली गई। इसके बाद भी अनुराग ने प्रताड़ना जारी रखी। पिता ने यह भी दावा किया कि अनुराग का अन्य लड़कियों से संबंध था, जिसके चलते वह मधु को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करता था।
उन्होंने बताया कि मधु के गर्भवती होने पर भी अनुराग ने उसका गर्भपात करा दिया। पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई, क्योंकि अनुराग ने मधु को अस्पताल भी नहीं पहुंचाया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।










Discussion about this post