शामली। चरथावल विधायक पंकज मलिक ने गुरुवार को सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 500 में से 499 अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन करने वाली छात्रा सवी जैन के घर जाकर उसे बधाई दी।
हनुमान रोड निवासी सावी जैन को जिले की सबसे मेधावी छात्रा घोषित किया गया है, और उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर न सिर्फ शहर बल्कि पूरे जिले में हर्ष की लहर है। गुरुवार को विधायक पंकज मलिक ने सावी के निवास पर पहुंचकर मिठाई खिलाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने कहा कि सावी जैन ने पूरे देश में शामली को गौरवान्वित किया है। उन्होंने न केवल अपने माता-पिता का नाम रोशन किया बल्कि अपने स्कूल और पूरे समाज के लिए प्रेरणा बनी हैं।
उन्होंने छात्रा के परिजनों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि सावी जैसे होनहार बच्चों की सफलता आने वाली पीढ़ियों को बेहतर दिशा देती है।
विधायक ने भरोसा दिलाया कि वे आगे भी सावी जैन जैसे प्रतिभाशाली छात्रों को हरसंभव सहायता प्रदान करते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस मौके पर कुलदीप पंवार, अजीत निर्वाल, अभिनव निर्वाल, अंकित जैन, ललित जैन, नवीन जैन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।











Discussion about this post