रायबरेली। हरचंदपुर विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक राहुल लोधी के काफिले में शामिल एक स्कॉर्पियो रविवार शाम लखनऊ-रायबरेली मार्ग पर निगोहा थाना क्षेत्र के मस्तीपुर गाँव के पास उस समय दुर्घटनाग्रस्त हो गई जब स्कॉर्पियो का स्टीयरिंग रॉड और एक्सल अचानक टूट गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर दो बार पलट गई।
वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से दो को चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गनीमत रही कि विधायक राहुल लोधी दूसरी गाड़ी में सवार थे और सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना अचानक हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। वाहन दुर्घटना के दौरान सड़क किनारे खड़ी कुछ मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
विधायक राहुल लोधी ने बताया कि वह निजी कार्य से लखनऊ गए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि इस बारे में निगोहा थाने को सूचना दे दी गई है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय पुलिस ने दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया और यातायात सामान्य कराया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।











Discussion about this post