नोएडा। नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बिल्डिंग ठेकेदार की पत्नी अपने प्रेमी गार्ड सुपरवाइजर के साथ बेटी की शादी के लिए जोड़े गए गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। 19 वर्षीय बेटी की शादी तय थी, लेकिन मां के भाग जाने से विवाह पर संकट खड़ा हो गया। ठेकेदार की शिकायत पर कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सुपरवाइजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
शादी के गहने और नकदी चोरी
पीड़ित ठेकेदार ने बेटी की शादी के लिए गहने बनवाए थे और करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद इकट्ठा किए थे। 4 जुलाई को पत्नी अचानक घर से गायब हो गई। शुरुआती जांच में पता चला कि वह गार्ड सुपरवाइजर के साथ भाग गई है। दोनों के मोबाइल फोन भी बंद हैं और अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
परिवार में पत्नी के अलावा 19 वर्षीय बेटी और तीन बेटे हैं। बेटी की शादी तय होने के बाद पिता ने बड़ी मेहनत से सब तैयारियां की थीं। लेकिन अब गहने और नकदी दोनों गायब होने से शादी पर संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित ने कोर्ट का लिया सहारा
पीड़ित ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन जब कार्रवाई संतोषजनक नहीं हुई तो कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने आरोपित सुपरवाइजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। इस घटना से गांव और परिवार में मातम का माहौल है। बेटी की शादी अब अधर में लटक गई है।











Discussion about this post