मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर तितावी थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
तितावी थाना क्षेत्र के ढिंढ़ावली गांव निवासी भारतवीर के बेटे आर्यन को धीर सिंह और उसके बेटों विक्रांत और शिवम ने पोलैंड में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने डेढ़ लाख रुपए प्रतिमाह वेतन का लालच दिया। शिवम ने दावा किया कि पोलैंड की एक कंपनी में उसकी अच्छी पहुंच है।
भारतवीर ने आरोपियों के खातों में कई किश्तों में साढ़े नौ लाख रुपए जमा किए। इसके बाद आरोपियों ने आर्यन को टूरिस्ट वीजा पर आबूधाबी भेज दिया। वहां पहुंचने पर आर्यन को वास्तविकता का पता चला। आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मजबूरी में आर्यन को भारत वापस लौटना पड़ा। इसके बाद आरोपी पैसे लौटाने से मना कर रहे हैं। पुलिस से मदद न मिलने पर भारतवीर ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










Discussion about this post