मुजफ्फरनगर। जिले में बिजली कटौती और बिजली दरों में प्रस्तावित बढ़ोतरी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान ने किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिजली व्यवस्था को लेकर योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार की वादाखिलाफी पर नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों के हाथों में “बिजली कटौती ने खोली योगी की पोल, जनता बोले हल्ला बोल – हल्ला बोल” और “बिजली कटौती-बढ़े बिल की मार, योगी जी ये कैसा व्यवहार” जैसे नारे लिखी तख्तियां थीं। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि सरकार ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति का वादा किया था, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है।
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा, जिसमें बिजली दरों में प्रस्तावित बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान ने कहा कि अगर सरकार ने जनता की मांगें नहीं मानीं, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
यह प्रदर्शन राज्यभर में AAP द्वारा शुरू किए गए जन सरोकार आंदोलन का हिस्सा है, जिसमें यूपी के अलग-अलग जिलों में बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर जनता की आवाज उठाई जा रही है।











Discussion about this post