मुज़फ्फरनगर। भगत सिंह रोड स्थित ऐतिहासिक गुलशन राय धर्मशाला, जो लगभग 100 साल पुरानी है, इन दिनों गंभीर विवादों में घिरी हुई है। आरोप है कि इस धर्मशाला को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये में बेच दिया गया है।
धरमशाला से वर्षों से जुड़े संरक्षक और सदस्यों ने इस मामले को लेकर भारी आक्रोश जताया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
प्रदर्शनकारी कंवरपाल शर्मा का आरोप है कि पंडित अरुण कुमार नामक व्यक्ति ने न्यायालय में फर्जी दस्तावेज पेश कर धर्मशाला की जमीन को गाजियाबाद के एक बिजनेसमैन को बेच दिया। कंवरपाल का कहना है कि इस सौदे में वास्तविक जमीन की कीमत 25 से 30 करोड़ रुपये है, लेकिन कागजों में सिर्फ 97 लाख रुपये का लेन-देन दर्शाया गया है, जबकि कथित रूप से यह सौदा 12.5 करोड़ रुपये में हुआ।
उन्होंने यह भी बताया कि पंडित अरुण कुमार ने हाल ही में धर्मशाला की खुदाई करवाई, जिसके बारे में चर्चा है कि सोना और चांदी जैसी कीमती वस्तुएं बरामद हुई हैं। हालांकि यह स्पष्ट रूप से जांच का विषय है कि खुदाई में वास्तव में क्या मिला।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि पंडित अरुण कुमार के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए, ताकि धर्मशाला की ऐतिहासिक विरासत को बचाया जा सके।











Discussion about this post