मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने मंगलवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात की और मंडी कोतवाली में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के मामले में दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
चौधरी संजीव तोमर ने उपमुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि 19 जून 2025 को भाकियू (तोमर) से जुड़े किसान शांतिपूर्ण ढंग से मंडी कोतवाली परिसर में धरना प्रदर्शन कर रहे थे। तभी कोतवाल दिनेश बघेल द्वारा अचानक लाठीचार्ज का आदेश दिया गया, जिसमें कई किसानों को गंभीर चोटें आईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिला कार्यकर्ताओं के साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया और उन्हें घसीटा व पीटा गया। यह दृश्य सोशल मीडिया पर भी व्यापक रूप से वायरल हुए थे।
संगठन का आरोप है कि घटना को एक महीना बीत जाने के बावजूद मुजफ्फरनगर प्रशासन पूरी तरह मौन है और किसी भी पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई नहीं की गई है। इस मौके पर चौधरी तोमर ने मंडी कोतवाल दिनेश बघेल सहित एसआई राजकुमार बालियान, एसआई जयप्रकाश, भास्कर, तेजबीर, धनेश व रजनीश शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग की।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में त्वरित जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान संगठन के वरिष्ठ नेता पवन त्यागी, महबूब बालियान, दीपक तोमर, सादिक, हनी चौधरी व नाविश सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।










Discussion about this post