मुज़फ्फरनगर। शाहपुर कस्बे में खालसा अस्पताल के सामने गुरुवार शाम हुए सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार से आ रही काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक और बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, विकास, अरुण और अभिषेक नामक तीन युवक लकड़सन्धा गांव से मोटरसाइकिल पर सवार होकर बुढ़ाना की ओर से मुजफ्फरनगर जा रहे थे। खालसा हॉस्पिटल के सामने उनकी बाइक अचानक सामने से आ रहे उमरपुर निवासी रिक्शा चालक के ई-रिक्शा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों सड़क पर गिर पड़े और पास से गुजर रहे ट्रक के नीचे आने से बाल-बाल बचे।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घायलों की मदद को दौड़े। सूचना पाकर कस्बा चौकी प्रभारी राहुल कुमार तुरंत घटनास्थल पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया।










Discussion about this post